लोकसभा चुनावों के बीच सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने मतदाताओं से सावधानीपूर्वक सही उम्मीदवार चुनने का आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्र की शक्ति अयोग्य हाथों में नहीं जानी चाहिए. हजारे ने लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर दिया और निष्ठावान एवं ईमानदार व्यक्तियों को चुने जाने की वकालत की.इसके अलावा उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि मतदाताओं के पास देश के भविष्य की कुंजी है. गौरतलब है कि देश में आज (13 मई) 96 लोकसभा सीटों पर चौथे चरण का मतदान हो रहा है. अन्ना हजारे ने मतदाताओं से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के तहत आने वाले राजनेताओं को न चुनने की सलाह देते हुए साफ रिकॉर्ड वाले उम्मीदवारों को चुनने का आग्रह किया. उन्होंने कथित दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में संलिप्तता के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए खुलेआम उनकी आलोचना की.
