उत्तर प्रदेश की श्रद्धा, सारा और साहिया ने जीते स्वर्ण

कोबुडो मार्शल आर्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में कोबुडो मार्शल आर्ट एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित द्वितीय नेशनल कोबुडो मार्शल आर्ट चैंपियनशिप की शुरुआत रविवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हाल में हुई। रविवार को उत्तर प्रदेश के लिए साहिया, श्रद्धा पाण्डेय, सारा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीते। जापानी मार्शल आर्ट की शैली की इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह ने किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अजय कुमार सेठी, खेल प्रमोटर सुनील मिश्रा व मांटफोर्ट कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रत्यूष रत्न पाण्डेय भी मौजूद थे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता लखनऊ ओलंपिक एसोसिएशन के संयुक्त सचिव डॉ.आनंद किशोर पाण्डेय ने की। बालिका 13 वर्ष काता में उत्तर प्रदेश की साहिया ने स्वर्ण और उत्तर प्रदेश की आयुषी ने रजत पदक जीता।

वहीं, बालिका 9 वर्ष काता में उत्तर प्रदेश की श्रद्धा पाण्डेय ने स्वर्ण व मध्य प्रदेश की आयुषी ने कांस्य पदक जीता इसके अलावा बालिका 14-15 वर्ष काता में बिहार की अदिति वेदराज ने स्वर्ण व उत्तर प्रदेश की अक्षिता कश्यप ने कांस्य पदक जीता। बालिका काता 18 वर्ष में उत्तर प्रदेश की सारा कुमारी ने स्वर्ण, रागिनी ने रजत, पूजा व शालिनी जायसवाल (बिहर) ने कांस्य पदक जीता।