गोरखपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मुफ्तीपुर मोहल्ले में नवजात के शव को कूड़ेदान में फेंके जाने के मामले में अमर उजाला के हाथ सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग लगी है। इसमें साफ दिख रहा है कि रात में सफेद कपड़े में लिपटे नवजात के शव को नल के पास रखा गया। बगल में ट्रांसफार्मर से पहले दाएं तरफ थोड़ी सी खाली जगह है। अलसुबह नगर निगम का सफाई कर्मी मौके पर आता है और कूड़ा उठाने वाले बेलचे से पोटली को उठाकर ट्रांसफार्मर के पास कूड़ेदान में फेंक देता है। थोड़ी देर में इसी कपड़े को खोलकर कुत्ते शव को नोचने लगते हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन कर जानकारी दी।
इसी के बाद मौके पर पुलिस आती है। संस्कार मैरेज हाउस की गली से आगे आकर दयानंद कन्या इंटर कॉलेज की तरफ एक रास्ता मुड़ता है। इसी मोड़ पर एक तरफ मजार है और सरकारी नल लगा है। इस गली में अस्पताल है और आगे की तरफ रिहायशी इलाका है। सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग में सुबह 5 बजकर 26 मिनट पर नगर निगम के कूड़े की गाड़ी लेकर आता सफाई कर्मी दिखता है। कूड़ा गाड़ी, ट्रांसफार्मर से थोड़ी दूर खड़ी करता है। 5 बजकर 26 मिनट, 27 सेकेंड पर सफाई कर्मी बेलचा हाथ में लिए पहले ट्रांसफार्मर के पास आता है। फिर इधर-उधर देखता है। इसके बाद ट्रांसफार्मर के बगल में मजार और नल के बीच खाली स्थान से सफेद कपड़े में लपेटा कुछ कूड़ेदान के पास फेंकता है और फिर जिधर से आया रहता है, उसी तरफ चला जाता है।
