लखनऊ : (मानवीय सोच) संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. सीएम पांडेय (69) की डेंगू से मौत हो गई। उधर, बुधवार को राजधानी में डेंगू के 29 नए मरीज मिले हैं। डॉ. पांडेय की पिछले हफ्ते डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें दो अक्तूबर की दोपहर एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वह वर्ष 2018 में एसजीपीजीआई के बायोस्टैटिस्टिक्स और स्वास्थ्य सूचना विज्ञान विभाग के अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
इसके बाद से वे सुपर स्पेशियलिटी कार्डियक संस्थान, डिवाइन हार्ट हॉस्पिटल में निदेशक (शैक्षणिक और अनुसंधान) के रूप में कार्यरत थे। सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर के सरैया गांव के मूल निवासी डॉ. पांडेय सेवानिवृत्ति के बाद रायबरेली रोड स्थित एल्डिको कॉलोनी में निवास कर रहे थे। उनकी मौत के बाद बुधवार को उनकी याद में संस्थान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
