कर्ज में डूबे पंजाब के ये हैं करोड़पति उम्मीदवार

सोने की चिड़िया कहे जाने वाला पंजाब लगातार कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार सूबे पर 3,53,600 करोड़ रुपये का कर्ज है। यानी सूबे के हर व्यक्ति पर करीब एक लाख 12 हजार रुपये का ऋण है। जो साल दर साल बढ़ रहा है लेकिन कर्ज में डूबे पंजाब के कई मंत्रियों की कमाई करोड़ों में है। तो आईए चुनाव के चल रहे इस दौर में हम आपको लोकसभा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की कमाई के बारे में बताते है।

हरसिमरत कौर बादल

शिरोमणि अकाली दल की बठिंडा से हरसिमरत कौर बादल उम्मीदवार है। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक हरसिमरत कौर बादल के पास चल संपत्ति- 30,49,51,373 (30 करोड़ 49 लाख 51 हजार 373 रुपये), अचल संपत्ति- 21,09,29,010 (21 करोड़ 09 लाख 29 हजार 010 रुपये), आभूषणों की कीमत (हीरे के साथ सोना, चांदी) – 7,03,40,068 (7 करोड़ 03 लाख 40 हजार 068 रुपये) है। उनके पास अपना कोई वाहन नहीं है। 

चरणजीत सिंह चन्नी

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जालंधर से कांग्रेस के उम्मीदवार है। नामांकन पत्र में दिए गए वेरवे के अनुसार चन्नी की चल-अचल जायदाद 2.87 करोड़ और 7.29 करोड़ रूपए है। चन्नी के बैंक खाते में 1.41 करोड़ रूपए जमा है जबकि उनके पास 30.60 लाख के गहने है। चन्नी के पास 2 फॉर्च्यूनर कार और कीआ कार है। इसके साथ आपको ये भी बता दें कि 2022 में चन्नी की तरफ से 6.29 करोड़ रूपए की जायदाद (पत्नी समेत) का ऐलान किया गया था।

रवनीत सिंह बिट्टू

रवनीत सिंह बिट्टू कांग्रेस से तीन बार सांसद रह चुके हैं, इस बार वह बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। रवनीत सिंह बिट्टू लुधियाना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार हैं। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक रवनीत सिंह बिट्टू के पास चल संपत्ति- 44,40,178 (44 लाख 40 हजार 178 रुपये), अचल संपत्ति- 5,08,20,000 (5 करोड़ 8 लाख 20 हजार रुपये), 100 ग्राम सोना और मारुति एस्टीम कार (1997 मॉडल) है।

हंसराज हंस

चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक हंसराज हंस के पास चार गाड़ियां हैं। भारतीय जनता पार्टी से फरीदकोट लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हंसराज हंस ने अपने नामांकन पत्र में अपनी संपत्ति के बारे में ब्यौरा दिया है। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक हंसराज हंस के पास चल संपत्ति – 1,71,75,325 (1 करोड़ 71 लाख, 75 हजार 325 रुपये), अचल संपत्ति- 14,36,89,300 (14 करोड़ 36 लाख 89 हजार 300 रुपये), कार टोयोटा इनोवा, मारुति जिप्सी, फोर्ड एंडेवर, टोयोटा वेलफेयर और 425 ग्राम सोना है।

सुखजिंदर सिंह रंधावा

पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा गुरदासपुर से कांग्रेस प्रत्याशी है। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक सुखजिंदर सिंह रंधावा के पास चल संपत्ति- 64,80,304 (64 लाख 80 हजार 304 रुपये), अचल संपत्ति- 4 करोड़, 200 ग्राम सोना और टोयोटा इनोवा कार (2023 मॉडल) है।

अनिल जोशी

अनिल जोशी अमृतसर लोकसभा क्षेत्र से शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार हैं। वह पहले भाजपा में थे, चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक अनिल जोशी की चल संपत्ति – 4,51,06,427 (4 करोड़, 51 लाख, 6 हजार, 427 रुपये), अचल संपत्ति – 6,60,00,000 (6 करोड़ 60 लाख रुपये), 255 ग्राम सोना है। उनके पास कोई वाहन नहीं है।

लुधियाना से कांग्रेस उम्मीदवार राजा वडिंग

कांग्रेस के राज्य प्रधान राजा वडिंग पर पार्टी ने इस बार लुधियाना से दाव खेला है। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक राजा वडिंग के पास चल संपत्ति- 3,64,27,494 (3 करोड़ 64 लाख 27 हजार 494 रुपये), अचल संपत्ति- 4,78,25,000 (4 करोड़ 78 लाख 25 हजार रुपये) है। जबकि वडिंग के पास 100 ग्राम सोना और कार है।

आप प्रत्याशी राज कुमार चब्बेवाल

होशियारपुर से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राज कुमार चब्बेवाल 20 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं, जो 2019 में 14.65 करोड़ रुपये थी। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक चब्बेवाल के पास 7.18 करोड़ की चल संपत्ति और 13.68 करोड़ की अचल संपत्ति है। 54 वर्षीय आप उम्मीदवार ने 4.47 करोड़ के बांड में निवेश किया है जबकि उनके पास 48.18 लाख के आभूषण हैं। राज कुमार चब्बेवाल के पास 74 लाख रुपए की गाड़ियां हैं।

पटियाला से शिअद उम्मीदवार एनके शर्मा

चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक, लोकसभा क्षेत्र पटियाला से शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार एनके शर्मा की कुल संपत्ति 32.01 करोड़ रुपये है, जो 2022 में 23.71 करोड़ रुपये थी। 54 वर्षीय अकाली नेता की चल और अचल संपत्ति क्रमशः 20.24 करोड़ रुपये और 11.67 करोड़ रुपये है। उनके बैंक खाते में 6.5 लाख रुपये जमा हैं। एनके शर्मा ने बॉन्ड में 13.27 करोड़ का निवेश किया है जबकि उनके पास 48.32 लाख की ज्वेलरी है। हलफनामे के मुताबिक अकाली उम्मीदवार के पास अपना कोई वाहन नहीं है।

अमृतपाल सिंह

राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह के चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास महज 1,000 रुपये की संपत्ति है। अमृतपाल ने खडूर साहिब से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. अमृतपाल की पत्नी किरणदीप कौर के पास 18.37 लाख रुपये की चल संपत्ति है। इसमें 20,000 रुपये नकद, 14 लाख रुपये के सोने के आभूषण और रेवोल्ट लिमिटेड, लंदन, यूके के खाते में 4,000 जीबीपी (पाउंड) के बराबर 4,17,440 रुपये शामिल हैं।