कांग्रेस अध्यक्ष जगताप ने पार्टी हाईकमान से 7 कांग्रेस विधायकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

महाराष्ट्र   (मानवीय सोच)  सियासत में मची रार थमने का नाम नहीं ले रही है। अब इसकी आंच कांग्रेस विधायकों तक भी पहुंचने लगी है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने पार्टी हाईकमान से 7 कांग्रेस विधायकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इन विधायकों पर एमएलसी चुनाव में क्रॉस वोटिंग में शामिल होने का आरोप है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन सात के अलावा उन 11 विधायकों को भी नोटिस जारी की है, जो कि महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दौरान समय पर नहीं पहुंचे थे।

मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भाई जगताप ने यह बातें विधानपरिषद सदस्यता की शपथ लेने के बाद कहीं। उन्होंने कहा कि आज मैंने शपथ ली है। भाई जगताप ने कहा कि मुझे और भी ज्यादा खुशी होती अगर चंद्रकांत हंडोरे ने भी हमारे साथ जीत हासिल की होती। उन्होंने कहा कि जब तक क्रॉस वोटिंग करने वाले 7 विधायकों पर कार्रवाई नहीं होती है, चंद्रकांत हंडोरे को न्याय नहीं मिलेगा।

बता दें महाराष्ट्र विधानपरिषद के चुनाव में कांग्रेस ने दो प्रत्याशियों को खड़ा किया था। इनमें से एक थे चंद्रकांत हंडारे और दूसरे थे भाई जगताप। कांग्रेस की तरफ से अपने विधायकों को वोटिंग के लिए निर्देश जारी किए गए थे। सभी विधायकों से कहा गया था कि वह पहली वरीयता का वोट चंद्रकांत और दूसरी वरीयता का वोट भाई जगताप को देंगे। लेकिन वोटिंग के दौरान सात विधायक पार्टी लाइन से अलग चले गए और क्रॉस वोटिंग कर दी। इससे चंद्रकांत हंडारे चुनाव हार गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *