उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को कहा कि राज्य में वर्तमान समय में किसानों के बकाया गन्ना मूल्य के करीब 90 प्रतिशत हिस्से का भुगतान किया जा चुका है और पिछले पेराई सत्र का 99.99 फीसद भुगतान कराया जा चुका है। प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन विधान परिषद में सपा सदस्य आशुतोष सिंह द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में बताया कि पेराई सत्र 2022-23 में शामली की मिल पर बकाया 213 करोड़ रुपए को छोड़कर बाकी 99.99 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गन्ना मूल्य भुगतान की जो स्थिति है उसके मुताबिक सरकार ने 35,909 करोड़ रुपए का गन्ना खरीदा है जिसमें से 32,357 करोड़ रुपए यानी 90.11 प्रतिशत का भुगतान हो चुका है।
