कुशीनगर (मानवीय सोच) जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के निकट गन्ने के खेत में एक किशोरी का शव मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले आनन-फानन शव का अंतिम संस्कार कराकर साक्ष्य मिटा दिया गया। किशोरी की मौत का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
बताया जाता है कि हनुमानगंज थाना क्षेत्र की हाईस्कूल की एक छात्रा की गांव के एक युवक से नजदीकी थी। गांववालों के मुताबिक लड़के व लड़की को किशोरी के परिजनो ने एक साथ देख लिया और इसके दूसरे दिन रविवार को गांव के सटे सरेह में किशोरी का शव गन्ने के खेत में सुबह पड़ा था।
लोगों के मुताबिक उसके सिर पर चोट का निशान था। पुलिस को सूचना देने के बजाय गांव के कुछ लोग सक्रिय हो गए और आनन फानन में शव को जलवा दिया। इसकी सूचना किसी ने हनुमानगंज पुलिस को दी तो एक नायब दरोगा गांव में पहुँचे और बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गए।
उल्लेखनीय है कि इस परिवार में चार साल पहले भी एक लड़की की मौत संदिग्ध हाल में हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोरी के मौत के राज से पर्दा उठाने के लिए जांच में जुट गई है। सोमवार को कुछ लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई।
