# जेडीएस ने बीजेपी से मिलाया हाथ तो मुस्लिम नेता ने छोड़ी पार्टी

बेंगलुरु : (मानवीय सोच) एचडी देवगौड़ा की पार्टी जनता दल सेक्युलर (JDS) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा बनने के फैसले के बाद पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने इस्तीफा दे दिया है. कर्नाटक में जेडीएस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सैयद शैफुल्ला ने आगामी 2024 लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी द्वारा भाजपा के साथ गठबंधन करने के फैसले के बाद यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया कि जेडीएस एक ऐसी पार्टी से हाथ मिला रही है, जो समुदायों और जातियों के बीच दरार पैदा करती है.

शैफुउल्ला ने कहा, “मैं पिछले 30 वर्षों से पार्टी के साथ था. हमारी पार्टी धर्मनिरपेक्षता की साख पर कायम है और हमने हमेशा मतदाताओं के लिए तथा आम जनता के लिए धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों का प्रचार किया है.’ समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘अब अगर मेरी पार्टी एक ऐसी पार्टी से हाथ मिला रही है, जो समुदायों और जाति के बीच दरार पैदा करती है… जो सांप्रदायिक एजेंडे पर काम करती है और उसका प्रचार करती है, तो हम धर्मनिरपेक्ष नेता इसका विरोध करते हैं.’