लखनऊ : (मानवीय सोच) आर्थिक, औद्योगिक व आधुनिक उन्नति की दिशा में उत्तर प्रदेश का मार्ग प्रशस्त कर रही प्रदेश सरकार प्रदेश के ज्योग्राफिकल इनफॉर्मेशन सिस्टम (जीआईएस) को और चाक-चौबंद व मुस्तैद बनाने की दिशा में प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए एक विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है जिसके जरिए उत्तर प्रदेश में सर्वे, डिजिटलाइजेशन व मैपिंग जैसी 17 से ज्यादा प्रक्रियाओं के एकीकृत सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट का कार्य प्रारंभ हो गया है। इस दिशा में, श्रीट्रॉन इंडिया लिमिटेड (एसआईएल) को सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट का जिम्मा सौंपा गया है
जिसने अपने यहां इंपैनल्ड सॉफ्टवेयर कंपनियों से रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल के जरिए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के लिए आवेदन करने का निर्देश दिया है। उल्लेखनीय है कि श्रीट्रॉन इंडिया लिमिटेड उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण के अंतर्गत एक सार्वजनिक क्षेत्र की आईएसओ 9001:2008 कंपनी के तौर पर कार्यरत है। श्रीट्रॉन इंडिया लिमिटेड राज्य की विभिन्न सरकारी एजेंसियों के लिए हार्डवेयर, नेटवर्किंग, सॉफ्टवेयर और आईटी समाधानों के कार्यान्वयन, आईटी प्रशिक्षण और अन्य संबंधित कार्यों जैसे आईटी व आईटीईएस परियोजनाओं को पूर्ण करने लिए भी ‘नोडल एजेंसी’ के तौर पर कार्यरत है।
