लखनऊ : (मानवीय सोच) समिट बिल्डिंग में नशेबाजों की अराजकता थम नहीं रही। रविवार देर रात को शराब न परोसने पर नशेबाजों ने जमकर हंगामा किया। बार वालों से कहासुनी भी हुई। जानकारी पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सभी बार का म्यूजिक बंद कराया और उन्हें खाली कराया। तमाम लोग गाली-गलौज करते हुए बाहर निकले। बिल्डिंग के मुख्य गेट पर कुछ लड़कों का आपस में विवाद भी हो गया। किसी तरह से पुलिसकर्मियों ने उन्हें खदेड़ा।
दरअसल 12 बजे के बाद युवक युवतियां शराब मांग रहे थे। चूंकि ड्राई डे की शुरुआत हो गई थी, इसलिए बार वालों ने शराब परोसने से मना कर दिया। इस बात को लेकर सभी भड़क गए। हंगामा कर गाली गलौज करने लगे। एसीपी विभूतिखंड पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
हालांकि शाम से ही पुलिस बल की तैनाती थी, लेकिन हंगामे की सूचना पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हंगामा खत्म करवा बार खाली करवा पाए। समिट में लगातार विवाद हो रहे हैं। पांच दिन पहले फर्जी कैफे के मैनेजर नीरज का सिर फोड़ दिया गया था।
