लखनऊ : (मानवीय सोच) किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) स्थित पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने दो माह के बच्चे के पेट से ट्यूमर निकाल कर उसकी जान बचा ली है। सर्जरी के बाद बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ बताया जा रहा है। दरअसल, गोरखपुर के खोरबाद गाँव निवासी विकास के दो माह के पुत्र के पेट में बचपन से ही एक गाँठ थी।
बताया जा रहा है कि गांठ का आकार धीरे- धीरे बढ़कर डेढ़ किलो तक पहुंच गया। जिसके चलते बच्चे की सेहत पर भी असर दिखने लगा। इन सब समस्याओं से परेशान बच्चे के माता-पिता ने स्थानीय डॉक्टर से सलाह ली। जिस पर स्थानीय डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए बच्चे को केजीएमयू रेफर कर दिया। परिजन बच्चे को लेकर केजीएमयू के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग पहुंचे। जहां पर डॉ जेडी रावत और डॉ आनंद पांडेय ने बच्चे की जांच की और पाया कि उसके पेट में एक बड़े आकार का ट्यूमर है जिसका तुरंत ऑपरेशन किया जाना आवश्यक है।
