उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) नोएडा में विधायक पंकज सिंह के आवास पर किसानों ने प्रदर्शन किया। भारतीय किसान परिषद के बैनर तले भारी संख्या में किसान विधायक आवास का घेराव करने पहुंचे। किसानों का समूह विधायक आवास तक जाना चाहता था। हालांकि, बीच में ही उन्हें पुलिस ने रोक दिया।
किसानों की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस ने विधायक आवास की तरफ जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान प्रदर्शनकारी किसान और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विधायक आवास की सुरक्षा में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
डीसीपी हरीश चंद्र और एसीपी फर्स्ट रजनीश वर्मा स्वयं मौके पर मौजूद थे। भाजपा कार्यकर्ता भी विधायक आवास की सुरक्षा के लिए वहां मौजूद थे। विधायक आवास के पास किसानों को रोके जाने और झड़प के वे सड़क पर बैठ गए। किसानों को समझाने के लिए पुलिस के सीनियर अधिकारी भी जुटे। किसान 10 फीसदी का प्लॉट और आबादी के संपूर्ण समाधान की मांग कर रहे हैं। सेक्टर 26 स्थित उनके आवास के पास भारी संख्या में किसान जुटे रहे।
