छत्तीसगढ़ : (मानवीय सोच) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया है. शनिवार को दुर्ग में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ को अगले पांच साल के लिए बढ़ाने की घोषणा की. प्रधानमंत्री ने कहा- “मैंने निश्चय कर लिया है कि देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने वाली योजना को भाजपा सरकार अब अगले 5 साल के लिए और बढ़ाएगी.” प्रधानमंत्री मोदी ने इसके आगे कहा कि देश की जनता का प्यार और आशीर्वाद उन्हें हमेशा बड़े फैसले लेने की ताकत देता है.
गरीबों को मुफ्त राशन देने वाली प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना कोविड-19 के दौरान शुरू की गई थी. लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस योजना कई बार आगे बढ़ा चुके हैं. कोरोना काल के बाद हुए हर चुनाव में इस योजना की चर्चा होती रही है. अब एक बार फिर पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने इसे अगले 5 साल तक बढ़ाने का एलान कर दिया. अगले साल लोकसभा का चुनाव भी होने वाला है.
