वाराणसी : (मानवीय सोच) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अखिल भारतीय शिक्षा समागम में काशी के रूद्राक्ष कंवेंशन सेंटर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि काशी के रुद्राक्ष से लेकर आधुनिक भारत के इस मंडप तक अखिल भारतीय शिक्षा समागम की यात्रा अपने आप में एक संदेश समेटे हुए है। यह प्राचीनता और आधुनिकता का संगम है।
हमारी शिक्षा प्रणाली भारत की परंपराओं को संरक्षित कर रही है, वहीं देश आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी में भी आगे बढ़ रहा है। वाराणसी में राजकीय क्वींस इंटर कालेज,राजकीय कन्या इंटर कालेज मलदहिया, प्रभु नारायण इंटर कॉलेज और मॉडल स्कूल जाखिनी में छात्रों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के 3 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रगति मैदान में अखिल भारतीय शिक्षा समागम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएम ने कहा कि विद्यालयों को छात्रों को आपदा प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छ ऊर्जा जैसे विषयों को लेकर जागरुक बनाना चाहिए। दरअसल, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की तीसरी वर्षगांठ के मौके पर इस दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
