लखनऊ : (मानवीय सोच) पीजीआई में पूर्व भाजपा सांसद भैरो प्रसाद मिश्र के पुत्र प्रकाश मिश्र (42) की इलाज न मिल पाने के कारण मौत हो गई। पूर्व सांसद करीब डेढ़ घंटे तक डॉक्टरों के आगे गिड़गिड़ाते रहे लेकिन उन्हें बेटे लिए बेड नहीं मिल सका। इसी बीच प्रकाश की सांसें उखड़ गईं। प्रदेश सरकार ने मामले में उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए और प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए संबंधित डॉक्टर को कार्यमुक्त कर दिया गया है।
घटना को लेकर पीजीआई निदेशक को चेतावनी भी दी गई है। चित्रकूट निवासी भैरों प्रसाद मिश्रा बांदा संसदीय क्षेत्र से वर्ष 2014 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते थे। उनका बेटा प्रकाश गुर्दे की बीमारी से जूझ रहा था। प्रकाश का इलाज पीजीआई से ही चल रहा था। हालत बिगड़ने पर शनिवार रात करीब 11 बजे वह बेटे को लेकर पीजीआई की इमरजेंसी में पहुंचे, पर वहां तैनात डॉक्टरों ने बेड खाली नहीं होने की बात कहकर भर्ती करने से इनकार कर दिया।
