लखनऊ : (मानवीय सोच) भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, कृषि सहकारिता एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से संचालित फ्लैगशिप योजना ‘‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’’ के व्यापक प्रचार-प्रसार करने, योजना के प्रति कृषकों की आशंकाओं के समाधान करने एवं योजना में कृषकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि भवन लखनऊ में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री सूर्य प्रताप शाही मा० कृषि मंत्री जी उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया गया। योजना की जागरूकता का कार्यक्रम प्रदेश में पूरे जुलाई माह में चलाया जाएगा।
अपने संबोधन में श्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि आपदा के समय कृषकों की आय को स्थिर रखने एवं कृषकों की आय दुगुनी करने की दिशा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एक महत्वपूर्ण स्तम्भ है। यह कृषकों को किसी भी प्रकार की दैवीय आपदा के विरुद्ध उनकी अधिसूचित फसलों को बीमा कवर प्रदान करते हुए वित्तीय सहायता प्रदान करती है और उन्हें कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीक, आधुनिक संसाधन एवं उन्नत किस्म के बीजों का उपयोग कर उत्पादन को बढ़ाये जाने हेतु प्रोत्साहित करती है।
