इस्लामाबाद : (मानवीय सोच) पाकिस्तान में एक मस्जिद के पास फिदायीन हमले हुए हैं. नमाज और ईद-ए-मिलाद के जुलूस में हुए 2 सुसाइड ब्लास्ट में कम से कम 55 लोगों की जान चली गई है. जियो न्यूज के मुताबिक, 130 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं. बम विस्फोट दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुआ, जहां मस्जिद के बाहर काफी लोग मौजूद थे. जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट मस्तुंग जिले में हुआ. बलूचिस्तान का दक्षिण-पश्चिमी प्रांत अतीत में इस्लामी और अलगाववादी आतंकवादियों के हमलों का स्थल रहा है.
वरिष्ठ स्थानीय पुलिस अधिकारी जावेद लेहरी ने कहा, “यह एक आत्मघाती हमला लगता है.” उन्होंने बताया कि हमलावर ने पुलिस उपाधीक्षक नवाज गिश्कोरी के वाहन के पास खुद को उड़ा लिया. हालांकि, किसी भी समूह ने हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है, जबकि तहरीक-ए तालिबान पाकिस्तान ने इसमें शामिल होने से इनकार किया है.
