गाजियाबाद : (मानवीय सोच) सेना की करोड़ों रुपए की जमीन फर्जीवाड़े से बेचने के आरोप में पुलिस ने बॉलीवुड एक्ट्रेस अलीशा खान की मां परवीन बेगम को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि सेना की जमीन करीब 10 करोड़ रुपए में बेची गई थी। इसमें से 47 लाख रुपए परवीन बेगम के बैंक खाते में आए थे।
सब रजिस्ट्रार ने इस केस में 28 जून को थाना सिहानी गेट में FIR कराई थी। सब रजिस्ट्रार के अनुसार, विजयनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में खसरा नंबर-529 सेना की जमीन है। 18710 वर्गमीटर जमीन साढ़े 10 करोड़ रुपए में मजीद नामक शख्स ने समीर मलिक को बेच दी।
ये रजिस्ट्री 17 अगस्त 2022 को हुई। इस बैनामे में जमीन को खाली दिखाया गया। जबकि इस जमीन पर घनी आबादी बसी हुई है। पुलिस ने FIR में मजीद, समीर मलिक, रजिस्ट्री के गवाह ओमपाल और नीरज को आरोपी बनाया था। मजीद को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
