लखनऊ : (मानवीय सोच) बीजेपी के डेढ़ दर्जन से ज्यादा सांसद उसकी अपनी कसौटी पर ही फेल हो गए हैं। लोकसभा चुनाव से पहले अपने सांसदों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रही बीजेपी अगले लोकसभा चुनाव में कई बड़े चेहरों का टिकट काट सकती है।
खास बात ये है कि इस रिपोर्ट कार्ड में यूपी के टॉप सांसदों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेठी से सांसद व मंत्री स्मृति ईरानी अव्वल हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर, फिलहाल सपा के लिए बैटिंग कर रहे स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य और आजमगढ़ से सांसद निरहुआ बतौर जनप्रतिनिधि जन आकांक्षाओं को पूरा करने में फेल पाए गए हैं।
यूपी में लोकसभा की 80 सीटों में से बीजेपी के सहयोगियों के पास 66 सांसद हैं और इस बार तो बीजेपी ने अपने लिए ‘मिशन-80’ का लक्ष्य तय किया है। पार्टी को भी पता है कि ये लक्ष्य इतना आसान नहीं है। केंद्र और राज्य दोनों जगह दूसरे टर्म की सरकार के बाद एंटी-इन्कमबेंसी फैक्टर को भी नकारा नहीं जा सकता। इसलिए पार्टी लगातार अपने सांसदों का इंटरनल सर्वे करवा रही है।
