अयोध्या : (मानवीय सोच) सरयू एक्सप्रेस में मुख्य महिला आरक्षी पर हुए हमले की जांच में यूपी एसटीएफ भी सहयोग करेगी। हाईकोर्ट के सख्त रुख को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं, सोमवार को यूपी डीजीपी विजय कुमार ने भी ट्रॉमा सेंटर जाकर महिला आरक्षी का हालचाल लिया है। घटना पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गहरी नाराजगी जताई है।
कोर्ट में रविवार को हुई सुनवाई में जांच से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी को पेश होने के निर्देश दिए थे। वहीं, हाईकोर्ट ने सोमवार को घटना की पूरी जानकारी ली। एसपी रेलवे लखनऊ पूजा यादव ने कोर्ट को बताया कि पांच टीमें मामले की जांच कर रही हैं। इसमें सीओ और डिप्टी एसपी रैंक के ऑफिसर शामिल हैं। कोर्ट ने घायल सिपाही की स्थिति भी जानी। एसपी ने बताया कि केजीएमयू में सिपाही का उपचार चल रहा है। कोर्ट ने मजिस्ट्रेट को महिला के पास जाकर बयान लेने के लिए कहा है। रेलवे को जांच में सहयोग करने के लिए कहा है। इसके साथ ही सुनवाई की तिथि 13 सितंबर तय की है।
