मुंबई (मानवीय सोच) अक्षय कुमार , मानुषी छिल्लर , संजय दत्त और सोनू सूद स्टारर फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ इन दिनों खूब चर्चा में बनी हुई है। अक्षय कुमार भी फिल्म के प्रमोशन में कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं, और फिल्म 3 जून को थिएटर्स में रिलीज के लिए तैयार है। हाल ही में जहां करणी सेना की वजह से फिल्म का नाम बदला गया था तो वहीं फिल्म एक बार फिर मुसीबत में आई है। सम्राट पृथ्वीराज को कुछ देशों में बैन कर दिया गया है।
कुवैत और ओमान में बैन हुई सम्राट पृथ्वीराज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सम्राट पृथ्वीराज को कुवैत और ओमान में बैन कर दिया गया है और फिल्म को रिलीज नहीं किया जाएगा। बताया जा रहा है चूंकि ये एक पीरियड फिल्म है, इस वजह से ऐसा फैसला लिया गया है। लेकिन अभी तक फिल्म के बैन होने की आधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है। वहीं इसके बैन होने की वजह या फिर फिल्म के मेकर्स की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में तो ये भी किया जा रहा है कि ये फिल्म हिंदू राजा के पराक्रम को दिखाती हैं, इस वजह से फिल्म को बैन किया गया है। वहीं केआरके ने अपने ट्वीट में कहा है कि फिल्म में इतिहास के साथ छेड़छाड़ हुई है, इस वजह से बैन किया गया है।
हम अपने राजाओं के बारे में नहीं जानते….
हाल ही में अक्षय कुमार ने कि शिक्षा मंत्रालय को हिंदू राजाओं के योगदान पर संज्ञान लेने और उनकी कहानियों को उन मुगल बादशाहों के साथ संतुलित करने की जरूरत है जिन्हें स्कूल की किताबों में अधिक स्थान मिलता है। राजपूत योद्धा पर आधारित अपनी ऐतिहासिक फिल्म सम्राट पृथ्वीराज की रिलीज से पहले अक्षय ने कहा, ‘यह दुख की बात है कि हम अपने राजाओं के बारे में नहीं जानते।’ अक्षय ने पीटीआई-भाषा के साथ एक साक्षात्कार में कहा ‘इतिहास की किताबों में सम्राट पृथ्वीराज के बारे में मैंने केवल तीन-चार पंक्तियां पढ़ीं थीं। इस फिल्म के लिए धन्यवाद, मुझे उनके बारे में इतना कुछ जानने को मिला। मुझे नहीं लगता कि कोई और भी उनके बारे में जानता था। जब मैं अपने बेटे से उनके (पृथ्वीराज) के बारे में बात कर रहा था, तो उसने कहा कि मैं ब्रिटिश साम्राज्य, मुगल साम्राज्य के बारे में जानता हूं, लेकिन पृथ्वीराज कौन हैं? यह दुखद है कि हम अपने राजाओं के बारे में नहीं जानते। झांसी की रानी, राणा प्रताप के बारे में कुछ ही पंक्तियां हैं, लेकिन मुगलों पर बहुत सारे अध्याय हैं।’
हिंदू राजाओं को भी पाठ्यपुस्तकों में जोड़ने की कोशिश करें…
अक्षय कुमार ने कहा, ‘मैं शिक्षा मंत्रालय से अपील करूंगा कि वह संतुलन बनाते हुए हमारी संस्कृति, हिंदू राजाओं को भी हमारी पाठ्यपुस्तकों में जोड़ने की कोशिश करें।’ बातचीत में अक्षय ने उत्तर बनाम दक्षिण सिनेमा बहस पर भी तंज कसते हुए कहा, ‘दोनों उद्योग एक हैं। अंग्रेजों ने फूट डालो और राज करो का उपयोग करके 200 वर्षों तक हम पर शासन किया, हम इन सब चीजों से (अपने देश को) फिर से बांट रहे हैं। हम भारत हैं। वे अपनी मातृभाषा में फिल्में बना रहे हैं, हम अपनी मातृभाषा में फिल्में बना रहे हैं।’ भारत की राष्ट्रभाषा पर हालिया विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अक्षय कुमार ने कहा सभी भाषाएं राष्ट्रीय भाषाएं हैं।
मानुषी का बॉलीवुड डेब्यू
गौरतलब है कि सम्राट पृथ्वीराज फिल्म यशराज फिल्म्स द्वारा निर्मित है। इसका निर्देशन चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है। फिल्म में अभिनेता संजय दत्त, सोनू सूद भी हैं। 2017 में मिस वर्ल्ड बनीं मानुषी छिल्लर इस फिल्म से बॉलीवुड में अपनी पारी की शुरूआत कर रही हैं। यह फिल्म तीन जून को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है। फिल्म में अक्षय कुमार पृथ्वीराज चौहान की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि मानुषी छिल्लर राजकुमारी संयोगिता के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म में संजय दत्त और सोनू सूद भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। अक्षय ने कहा कि यह फिल्म अंतिम हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जीवन और साहस पर आधारित है, जिन्होंने भारतमाता की रक्षा के लिए अपने खून का एक-एक कतरा बहा दिया।
