# मिडडे मील में परोसी पानी जैसी सब्जी बच्चे बोले- अध्यापक ने दी पीटने की धमकी

हरदोई  : (मानवीय सोच)  पिहानी विकास खंड के पंडरवा किला संविलियन विद्यालय में मध्यान्ह भोजन में पानी जैसी सब्जी परोसे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर मंगलवार को वायरल हुआ। वीडियो में बच्चे आरोप लगा रहे हैं कि सब्जी खाने से इन्कार करने पर इंचार्ज अध्यापक ने पिटाई करने की धमकी दी।

जांच के लिए विद्यालय गए खंड शिक्षा अधिकारी ने इंचार्ज अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए हैं। वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। संविलियन विद्यालय पंडरवा किला में सोमवार को मेन्यू के अनुसार आलू-सोयाबीन की सब्जी बनी। सब्जी बनकर आई, तो इसमें पानी अधिक और आलू नाम मात्र के थे, जबकि सोयाबीन था ही नहीं। बच्चों का दावा है कि जब उन्होंने यह सब्जी खाने से इन्कार किया, तो इस पर इंचार्ज अध्यापक ने पिटाई करने की धमकी दी। कुछ बच्चों को पीटने का भी आरोप लगाया।