मुंबई के घाटकोपर में होर्डिंग गिरने से 8 लोगों की मौत

मुंबई के घाटकोपर इलाके में सोमवार को तेज बारिश और आंधी के दौरान एक होर्डिंग पेट्रोल पंप पर गिर गई, जिससे 8 लोगों की मौत हो गई और 59 लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि हादसा अपराह्न चार बजकर करीब 30 मिनट पर छेदानगर जिमखाना के नजदीक हुआ। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि मौके पर एंबुलेंस भी भेजे गए हैं। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आयुक्त भूषण गगरानी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी मौके पर बचाव कार्य के लिए पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि क्रेन और गैस कटर को भी बचाव अभियान के लिए मौके पहुंचाया गया है। अधिकारी ने बताया, ‘‘घायलों को नगर निगम द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया है।’’