धरती हिलती है ये तो सब जानते हैं। सालों तक सोई हुई धरती जब करवट लेती है तो तबाही मचती है, लेकिन क्या चांद पर भी भूकंप आते हैं? जी हां, चंद्रयान 3 मिशन यही कहता है। अंतरिक्ष की दुनिया में कई नए मुकाम हासिल करने वाला चंद्रयान 3 मिशन अब तक 250 से ज़्यादा मूनक्वेक रिकॉर्ड कर चुका है। पिछले साल चांद के साउथ पोल पर उतरा भारत का चंद्रयान 3 मिशन 250 से ज़्यादा भूकंप के झटके रिकॉर्ड कर चुका है।
इनमें से 50 झटके ऐसे हैं जिनके बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है कि ये चांद पर आए भूकंप से जुड़े हैं या नहीं। अपोलो मिशन के बाद ये पहली बार है जब इस तरह की जानकारी मिली है। ICARUS में इसरो के रिसर्चर्स ने अपनी रिपोर्ट में इसे एक बड़ी कामयाबी बताया है। ये झटके रोवर (प्रज्ञान) की मूवमेंट या किसी दूसरे स्पेसक्राफ्ट की वजह से नहीं आए हैं। खासकर 50 झटकों का रोवर से कोई लेना-देना नहीं है। ये मुमकिन है कि ये मूनक्वेक (चांद पर आने वाले भूकंप) की वजह से आए हों। ये पहली बार है जब चांद के साउथ पोल पर भूकंप की जानकारी मिली है।