कासगंज : (मानवीय सोच) कादरगंज पुल के नीचे गंगा नदी के पानी में एक महिला दिखाई दी। दूर से देखने पर लग रहा था कि वो मर चुकी है, लेकिन उसकी सांसे चल रही थीं और वो पानी की ऊपरी सतह पर उतरा रही थी। मार्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब ये दृश्य देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल महिला को नदी से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। महिला कौन है और कहां से आई इस बारे में जानकारी अभी नहीं मिल सकी है।
गंजडुंडवारा के थाना सिकंदरपुर वैश्य के अंतर्गत कादरगंज के पुल के उस पार एडीएम अब्दुल समद के बंगले के समीप 45 वर्षीय महिला गंगा में उतराती हुई मिली। शुक्रवार की सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए पुल पर निकले तो पुल के नीचे अर्धनग्न अवस्था में महिला दिखाई दी। लोगों ने सूचना पुलिस चौकी कादरगंज पर दी। चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने गोताखोरों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकलवाया। वो बेहोश अवस्था में पाई गई।
