लखनऊ (मानवीय सोच) राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को वोटिंग हुई। इस दौरान यूपी के पांच पांच विधायकों ने राज्य के बाहर अपना वोट डाला। वाराणसी की सेवापुरी सीट से भाजपा विधायक नील रतन सिंह पटेल ने केरल के तिरुवनंतपुरम में मतदान किया। नीलू के वोट डालने से एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए केरल से एकमात्र वोट पड़ने की संभावना है। जहां भाजपा या उसके सहयोगी दलों का एक भी विधायक नहीं है।
नीलू ने केरल में मतदान के बाद अपनी तस्वीरें भी ट्वीट की। लिखा कि आज ‘राष्ट्रपति चुनाव-2022’ में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए केरल राज्य के विधानसभा त्रिवेंद्रम में मतदान किया। भारत का महान लोकतंत्र और अधिक सशक्त हो। नीलू पिछली बार अपना दल से विधायक बने थे। इस बार अनुप्रिया पटेल के साथ समझौते के बाद नीलू को भाजपा ने टिकट दिया था।
आज 'राष्ट्रपति चुनाव-2022' में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए केरल राज्य के विधानसभा त्रिवेंद्रम में मतदान किया ।
भारत का महान लोकतंत्र और अधिक सशक्त हो । pic.twitter.com/z52frXm78r— नील रतन सिंह पटेल "नीलू' (@NeelRatanSPatel) July 18, 2022
नीलू के अलावा सहारनपुर जिले की नकुड़ सीट से भाजपा विधायक मुकेश चौधरी, मुरादाबाद के कुंदरकी से सपा विधायक जियाउर्रहमान, हाथरस के सादाबाद से राष्ट्रीय लोकदल के विधायक प्रदीप कुमार सिंह और महोबा के चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने दिल्ली में वोट दिया।
केरल की उत्तरी पलक्कड जिले के एक अस्पताल में आयुर्वेदिक उपचार करा रहे भाजपा विधायक नील रतन सिंह पटेल ने तिरुवनंतपुरम पहुंचकर राज्य विधानसभा परिसर में बनाये गये मतदान केंद्र में मताधिकार का इस्तेमाल किया। पटेल ने मतदान के बाद ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”मैं बहुत सौभाग्यशाली हूं कि मुझे राष्ट्रपति चुनाव के लिए मेरा मत देने का अवसर इस सुंदर राज्य में मिला है।”
केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा या उसके गठबंधन सहयोगी दलों का कोई जन प्रतिनिधि नहीं है। राज्य से लोकसभा की 20 सीटों और राज्यसभा में भी भाजपा का कोई सदस्य नहीं है। सत्तारूढ़ माकपा नीत एलडीएफ और विपक्षी कांग्रेस नीत यूडीएफ के शत-प्रतिशत विधायक और सांसद राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के लिए मतदान करेंगे।
पटेल के अलावा पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के द्रमुक सांसद एस ज्ञानातिरवियम भी राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने तिरुवनंतपुरम पहुंचे। द्रमुक इस चुनाव में सिन्हा का समर्थन कर रही है। तिरुनेलवेली लोकसभा से सदस्य ज्ञानातिरवियम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि वह कोरोना वायरस संक्रमित हैं और इसलिए उन्होंने मतदान के लिए नजदीकी केंद्र तिरुवनंतपुरम आने का फैसला किया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार केरल से बाहर के मात्र दो जन प्रतिनिधि ज्ञानातिरवियम और पटेल हैं जिन्होंने तिरुवनंतपुरम में मतदान किया।
