उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) सेवा से नदारद सात सौ से अधिक सरकारी डॉक्टरों को बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए अन्य कदमों के साथ साथ राज्य के सभी 75 जिलों में मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी चल रही है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा महकमा संभाल रहे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने यह जानकारी दी।
ब्रजेश पाठक ने एक न्यूज एजेंसी से विशेष बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा ”राज्य में लगभग 724 चिकित्सक हैं जो ड्यूटी के दौरान लगातार गायब पाए गए हैं। जांच कराने के बाद ऐसे लोगों को नोटिस दिया गया है और सेवा से बर्खास्त किया जा रहा है।” पाठक ने कहा ”अभी ऐसे 50 चिकित्सक बर्खास्त किए जा चुके हैं। बाकी लोगों को नोटिस देकर ड्यूटी पर वापस आने के लिए कहा गया है। अगर वे नहीं आते हैं तो तो प्रक्रिया पूरी कर सेवा से उन्हें बर्खास्त किया जाएगा तथा उनकी जगह नए लोगों को तैनात किया जाएगा।’’
