लखनऊ : (मानवीय सोच) विश्वकप के आगाज के साथ भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का जोश बढ़ता जा रहा है। गुजरात में होने वाले इस इस हाईवोल्टेज मुकाबले के लिए राजधानी के इकाना स्टेडियम में खास इंतजाम किया गया है। यहां पर क्रिकेट प्रेमी न सिर्फ विशाल स्क्रीन पर इस मुकाबले का सजीव प्रसारण देख सकेंगे, साथ ही लजीज व्यंजनों का लुत्फ भी उठा सकेंगे।
इकाना प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार यहां के इंडोर स्टेडियम में 40 गुणा 60 फीट की विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। दर्शक यहां खिलाड़ियों से चौके-छक्के की मांग करते दिखाई देंगे तो उन्हें प्ले कार्ड सौंपा जाएगा। दर्शको के चेहरे पर देश का झंडा पेंट करने के लिए कलाकार भी मौजूद होंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों की जर्सी भी मिलेगी।
भारत-पाक मैच का सजीव प्रसारण देखने के लिए आने वालों को टिकट लेना होगा। इसकी दर 899 से 1299 रुपये तक है। इंडोर स्टेडियम में 2300 सीटें हैं। यहां तीन स्क्रीन पर मैच दिखाए जाएंगे। भारत के अन्य मैच भी यहां दिखाए जाएंगे।
