लखनऊ (मानवीय सोच) नगर निगम कार्यकारिणी के छह पदों पर भाजपा के चार व सपा के दो सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। इसमें से चार सदस्य भाजपा के जबकि दो सपा के हैं। मनोज अवस्थी, शशि गुप्ता, रेखा सिंह और मिथिलेश चौहान भाजपा के विजयी सदस्य हैं जबकि जगलाल यादव और अयजुर्रहमान सपा के विजयी सदस्य हैं।
दो साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद निगम कार्यकारिणी के जो छह सदस्य एक जनवरी को रिटायर हो गए, उनकी जगह पर ही नए सदस्यों का चुनाव होना था। रिटायर सदस्यों में भाजपा के कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, हरिश्चंद्र लोधी, रामकुमार वर्मा व साधना वर्मा थे। सपा के पार्षद दल के नेता यावर हुसैन रेशू व ताराचंद्र रावत रिटायर हुए।
सदन में पार्षदों की संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस एक भी सदस्य को नहीं जिता सकती थी। ऐसे में इस बार भी उसके मैदान से बाहर रहने के पूरे आसार थे और वही हुआ भी। जिससे मुकाबला भाजपा और सपा के बीच हुआ। दोनों दल इस बार भी निर्विरोध चुनाव चाहते थे और छह पदों के लिए इतने ही प्रत्याशी उतारे थे। इनमें भाजपा के चार और सपा के दो प्रत्याशी थे।
अभी कार्यकारिणी के छह सदस्यों में भाजपा के प्रदीप शुक्ला टिंकू, रुपाली गुप्ता, श्रवण नायक व विमल तिवारी और सपा के मोनू कनौजिया व देवेंद सिंह यादव जीतू हैं।