राजधानी के किसी भी ब्लाक में बिना मान्यता के निजी विद्यालय चलता पाया जायेगा तो एफआईआर दर्ज कराई जायेगी। गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ अभियान चलाने के आदेश बेसिक शिक्षा अधिकारी राम प्रवेश ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए हैं। बीएसए ने कहा कि ऐसे विद्यालयों पर कार्रवाई में लापरवाही न की जाये। शुक्रवार को सभी ब्लाकों के विद्यालयों के प्रगति की समीक्षा करते हुए बीएसए ने सभी बीईओ से ये भी जाना कि कितने विद्यालयों को सिम का वितरण किया जा चुका है? बीईओ ने बताया कि अधिकांश विद्यालयों में सिम वितरण कर दिया गया है जहां अभी तक सिम नहीं पहुंचे हैं वहां विद्यालय खुलते ही देने के लिए आदेश दिया गया है। इस बार कक्षा एक और दो किताबों के साथ ही विद्यालयों में वर्कबुक वितरित की जायेगी। ये वर्कबुक एनसीईआरटी के अनुसार होगी। इस संबंध में बीएसए ने बीईओ को निर्देश दिए है कि किसी भी विद्यालय में किताबों से बच्चे वंचित न होने पाये।
