लखनऊ विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते ने शनिवार को बिजनौर में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पीछे बनाए जा रहे 50 रो-हाउस दोबारा सील कर दिया। कार्रवाई मानक के विपरीत निर्माण कराने पर की गई है। इसके साथ ही शनिवार को ही मड़ियांव और सैरपुर में भी दो व्यवसायिक निर्माण सील किए गए हैं। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पीछे हुआ निर्माण अवैध रूप से किया जा रहा था।
जोनल अधिकारी प्रवर्तन जोन दो देवांश त्रिवेदी ने बताया कि राधेश्याम ओझा व अन्य लगभग 10,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 50 रो-हाउस का निर्माण कराकर अवैध कालोनी विकसित कर रहे थे। मानचित्र भी स्वीकृत नहीं कराए गए थे। उक्त निर्माण कार्य के विरुद्ध विहित न्यायालय से पूर्व में सीलिंग की गई थी। चोरी-छुपे निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण के अभियंताओं ने पुलिस बल के सहयोग से निर्माण बंद कराते हुए भवनों को सील कर दिया गया। प्रवर्तन दल ने भवनों की जांच के आदेश दिए थे, जिसमें निर्माण कार्य प्रचलित पाए जाने पर कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। अवर अभियंता विपिन बिहारी राय और एसके सिंह ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील करने की कार्रवाही की।
