लेखपाल परीक्षा के पेपर लीक को लेकर अखिलेश यादव बीजेपी पर बरसे

उत्तर प्रदेश  (मानवीय सोच)  राजस्‍व लेखपाल मुख्‍य परीक्षा में अभ्‍यर्थियों से मोटी रकम लेकर साॅल्‍वर बैठाने और परीक्षा के दौरान अनुचित तरीके अपनाने के आरोप में विभिन्‍न इलाकों से 21 व्‍यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है. इसके बाद पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्‍य सरकार पर निशाना साधा है. अखिलेश यादव ने पेपर लीक का आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार की चाल है कि कोई परीक्षा पूरी न हो पाए. साथ ही उन्‍होंने आरोप लगाया कि भाजपा वेतन-पेंशन के खिलाफ है.

उत्तर प्रदेश के कुल 501 परीक्षा केंद्रों पर आज राजस्‍व लेखपाल मुख्‍य परीक्षा आयोजित की गई. परीक्षा के दौरान नकल और अन्‍य गड़बडि़यों को रोकने के लिए एसटीएफ की विभिन्‍न टीमों को निर्देश दिए गए थे. इसके बाद कार्रवाई करते हुए 21 लोगों को पकड़ा गया है.

अखिलेश यादव ने एक ट्वीट के जरिये राज्‍य सरकार पर निशाना साधा है. उन्‍होंने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, “आज लेखपाल भर्ती परीक्षा का पेपर भी लीक हो गया. अब तो लगता है कि अभ्यर्थियों का ये आरोप सच है कि ये सब भाजपा सरकार की ही चाल है जिससे कोई भी परीक्षा पूरी न हो पाए और लोगों को नौकरी न मिले, जिससे युवा, पूंजीपतियों के यहां श्रमिक-चपरासी बन के रह जाएं. भाजपा वेतन-पेंशन के खिलाफ है.”

बता दें कि उत्तर प्रदेश में इससे पहले पेपर लीक के कई मामले सामने आ चुके हैं. इंटरमीडिएट में अंग्रेजी विषय का पेपर लीक हो गया था. वहीं इससे पहले उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर भी लीक हुआ था. दोनों मामलों में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *