वैशाली में NH 31 पर बने नये फ्लाईओवर में गड्ढा

बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवनिर्मित फ्लाईओवर में गड्ढा हो गया है। घटना वैशाली जिले की है। एनएच 31 पर बने फ्लाईओवर में यह गड्ढा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह फ्लाईओवर अभी कुछ समय पहले ही बना था। छपरा और हाजीपुर को जोड़ने वाले इस फ्लाईओवर पर गड्ढा होने के बाद आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है। निर्माण में प्रयुक्त तार सहित अन्य सामग्री बाहर दिख रही है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। सोमवार को फ्लाईओवर में यह बड़ा गड्ढा हुआ। राजद विधायक मुकेश रोशन ने बताया कि गड्ढा सड़क के बीचों-बीच बना है।

उन्होंने स्थानीय मीडिया को बताया कि यह फ्लाईओवर छह महीने पहले ही चालू हुआ था। हालाँकि, खबर है कि फ्लाईओवर का औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ था। पिछले कुछ महीनों में राज्य में लगभग 20 पुल ढे चुके हैं। बिहार में गंगा नदी पर बन रहा अगुवानी-सुल्तानगंज पुल का एक हिस्सा पहले भी ढह चुका है। यह तीसरी बार है जब इसी पुल का एक हिस्सा ढहा है। 5 जून 2023 और 15 अप्रैल 2022 को भी पुल का एक हिस्सा ढह गया था। 10 साल से बन रहे इस पुल पर 1710 करोड़ रुपये की लागत आ रही थी। इससे पहले, अररिया जिले के फोर्ब्सगंज प्रखंड के अम्हार गांव में भारी बाढ़ के कारण परमान नदी पर बना पुल भी बह गया था।