दिल्ली पुलिस की ‘इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशन’ (IFSO) सेल ने कीर्ति चक्र से सम्मानित (मरणोपरांत) कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी स्मृति सिंह पर ‘X’ पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने को लेकर FIR दर्ज की है। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने सोमवार को स्वत: संज्ञान लेते हुए इस मामले में दिल्ली पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय न्याय संहिता अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत IFSO यूनिट में FIR दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी उस ‘हैंडल’ के बारे में जानकारी देने के लिए संपर्क किया गया है जिससे कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। बता दें कि इन अभद्र टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी उबाल मचा था और लोगों ने ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। बता दें कि हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मरणोपरांत कैप्टन अंशुमान सिंह को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया। उन्होंने अपने शौर्य का परिचय देते हुए भयावह आग की लपटों के बीच कई लोगों को बचाकर अपना अदम्य साहस दिखाया था।