अमेठी : (मानवीय सोच) मुंशीगंज स्थित संजय गांधी चिकित्सालय के निलंबित लाइसेंस को बहाल करने की मांग को लेकर सोमवार से सीएमओ कार्यालय पर आंदोलन शुरू किया गया है। अमेठी बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले ‘आवाज उठाओ अमेठी बचाओ’ के नारे के साथ कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह की अगुवाई में सोमवार से प्रदर्शन शुरू हुआ।
पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने कहा कि मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल बीते 35-40 वर्षों से चल रहा है। कई सरकारें आई और गई लेकिन किसी ने वैमनस्यता नहीं की। नफरत और ईर्ष्या वश गांधी लगा होने के कारण अस्पताल बंद करना चाहते हो तो बंद कर दीजिए। जबकि गांधी शांति का प्रतीक है। शांति नहीं पसंद है तो अस्पताल बंद करने के साथ ही आप पहले अपनी सरकारी सेवाओं को दुरुस्त कीजिए।
उन्होंने कहा कि अमेठी की जनता को हम लोग मरने के लिए नहीं छोड़ सकते। आरोप लगाया कि अमेठी के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बदहाल हैं। तत्कालीन सांसद राहुल गांधी ने अमेठी में 200 बेड का अस्पताल दिया है जिसमें मात्र पांच चिकित्सक हैं। जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी सहित में कर्मियों की कमी है।
