सुल्तानपुर में ज्वेलरी शॉप में डकैती के आरोपी और 1 लाख के इनामी मंगेश यादव के एनकाउंटर पर सियासत शुरू हो गई है। विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव शुक्रवार सुबह जौनपुर में मंगेश के घर पहुंचे। परिजनों से मुलाकात की। मंगेश की बहन ने बताया- पुलिस बुधवार रात 2 बजे सिविल ड्रेस में घर आई थी। भाई को जबरदस्ती उठा ले गई। इसके बाद गुरुवार सुबह हमें एनकाउंटर का पता चला। नेता प्रतिपक्ष ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। कहा- एनकाउंटर में शामिल पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सपा नेता लाल बहादुर यादव मंगेश के घर पहुंचे। परिजनों से मुलाकात की। नेता प्रतिपक्ष ने कहा- मंगेश की मां ने CO को तहरीर दी है। उनका कहना है कि पुलिसवालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। सपा इस परिवार के साथ खड़ी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। इससे पहले गुरुवार को अखिलेश यादव ने एनकाउंटर को फेक बताया। कहा- जाति देखकर गोली मारी गई। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा- पुलिस आत्मरक्षा के लिए क्या फूल बरसाएगी?