प्रयागराज : (मानवीय सोच) खेलगांव पब्लिक स्कूल में 14 से 16 अक्तूबर तक चलने वाली उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) की 52वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का शुभारंभ शनिवार को हुआ। खेलगांव के जिम्नास्टिक हाल में उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ एनसीआर के महाप्रबंधक सतीश कुमार और खेलगांव पब्लिक स्कूल के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. यूके मिश्रा ने किया। प्रयागराज में यह आयोजन 16 वर्षों के बाद आयोजित किया गया है।
महाप्रबंधक ने सभी टीमों और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप के आयोजन से रेलवे में खेलों को और बढ़ावा मिलेगा। खेल हमारे लिए बहुत ही लाभदायक हैं क्योंकि इससे हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन, समूह में कार्य करने और लगन की सीख मिलती है। खेल हमें आत्मविश्वास के स्तर का निर्माण और सुधार करना सिखाता है।
