वाराणसी : (मानवीय सोच) समय शुक्रवार दोपहर 1.15 बजे मां अन्नपूर्णा स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की दो किलोमीटर से अधिक लंबी कतार। मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर काशीपुराधीश्वरी के जयकारे से गूंज उठा। 24 घंटे पहले से ही कतार में लगे भक्तों की थकान मां के दर्शन करने भर से दूर हो गई। श्रद्धा और भक्ति का उल्लास ऐसा था कि हर कोई बस मां की स्वर्णिम आभा को मन में बसा लेने को आतुर था। शुक्रवार से पंच दिवसीय दर्शन-पूजन की शुरुआत हो गई।
शुक्रवार को माता अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला अनवरत जारी था। 24 घंटे पहले से ही कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने सुबह गंगा स्नान कर कतारबद्ध होते गए। वहीं पीछे-पीछे कतार भी आगे बढ़ती जा रही थी। एक कतार तो गोदौलिया से आगे दशाश्वमेध की तरफ मुड़ गई तो दूसरी कतार चौक की तरफ बढ़ गई। महंत ने माता का स्वर्ण शृंगार किया और इसके बाद पहले दिन शुभ लग्न में अर्चक डाॅ. राम नारायण द्विवेदी और सत्य नारायण के आचार्यत्व में महंत शंकर पुरी ने पूजन शुरू किया।
