अयोध्या : (मानवीय सोच) राममंदिर निर्माण का सपना अब साकार होने को है। 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है, लेकिन धन्नीपुर में बनने वाली मस्जिद की नींव अब तक नहीं पड़ सकी है। मस्जिद ट्रस्ट के अनुसार, अभी मस्जिद निर्माण शुरू होने में कम से कम छह माह और लग जाएंगे। वजह यह है कि मस्जिद की पुरानी डिजाइन में बदलाव कर दिया गया है। ऐसे में ट्रस्ट अब नए सिरे से नक्शा पास कराने के लिए आवेदन करेगा। एक एकड़ में मस्जिद का निर्माण होगा। शेष चार एकड़ में अस्पताल और लाइब्रेरी बनाई जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश सरकार ने सोहावल तहसील के धन्नीपुर गांव में मस्जिद निर्माण के लिए पांच एकड़ जमीन आवंटित की है। उधर, मंदिर निर्माण का काम पांच फरवरी 2020 को ही शुरू कर दिया गया था। तीन साल में मंदिर निर्माण का 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। तीन मंजिला मंदिर का भूतल तैयार है। प्रथम तल अगले कुछ महीने में तैयार हो जाएगा। इधर, मस्जिद का नक्शा भी अभी तक पास नहीं हो सका है। पुराने मॉडल पर जो मस्जिद बननी थी, उसका नक्शा विकास प्राधिकरण में स्वीकृत हो चुका है।
