अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती को मिली रेप की धमकी, मोबाइल पर अश्लील मैसेज की आई बाढ़

कोलकाता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज में हुए रेप और मर्डर केस के खुलासे के बाद से ही सारा देश गुस्से में हैं। देश के अलग अलग हिस्सों में डॉक्टर भी गुस्से में हैं। हर वो बेटी गुस्से में है जो घर से बाहर निकलती है और ऐसी खबरों के खुलासे के बाद डरती है। यही वजह है कि कोलकोता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में रेप और मर्डर केस  को लेकर इंसाफ की आवाज अब दिल्ली-मुंबई जैसे बड़े शहर ही नहीं छोटे-छोटे शहरों की सड़कों पर उठने लगी हैं। ऐसी ही एक आवाज उठाने की कोशिश की थी तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद और बांग्ला फिल्मों की एक्टर मिमी चक्रवर्ती ने।

लेकिन मंगलवार की शाम बीतते बीतते मिमी चक्रवर्ती की एक पोस्ट ने हड़कंप मचा दिया। मिमी ने अपनी पोस्ट पर कहा है कि उन्हें रेप की धमकी भेजी जा रही है और उनके फोन पर अश्लील मैसेज की बाढ़ आ गई है।  कोलकाता रेप एंड मर्डर केस को लेकर डॉक्टरों का प्रदर्शन के बीच सीबीआई की जांच तेज हो चुकी है। इस सबके बीच तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती ने मंगलवार को कहा कि कोलकाता मामले के बारे में पोस्ट करने के बाद उन्हें रेप की धमकियां और अश्लील मैसेज भेजे जा रहे हैं। सवाल होता है कि ऐसा क्यों हो रहा है तो मिमी के मुताबिक ये सिलसिला तब शुरू हुआ जब उन्होंने कोलकाता की उस बेटी के हक में एक पोस्ट सोशल मीडिया पर डाला था और उसको इंसाफ दिलाने की बात उठाई थी। मिमी ने एक्स पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने कोलकाता पुलिस के साइबर सेल विभाग को भी टैग किया है।