नई दिल्ली (मानवीय सोच) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शनिवार को दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे यहां अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं के बारे में जानकारी उन्हें दें, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
गुप्ता ने दावा किया कि दिल्ली में रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी मुसलमानों की समस्या बढ़ती जा रही है। दिल्ली में इस समय करीब पांच लाख बांग्लादेशी और रोहिंग्या रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को राजधानी में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशियों की समस्या से निपटने के लिए आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि हम दिल्ली के लोगों से अपील करते हैं कि वे उनके इलाके में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्याओं और बांग्लादेशियों की जानकारी हमें दें। नगर निगम उनके द्वारा किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। हम उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस से भी संपर्क करेंगे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) और उसके विधायक निजी हितों के चलते गैरकानूनी तरीके से रह रहे सभी रोहिंग्या और बांग्लादेशियों का आधार कार्ड तथा मतदाता पहचान पत्र जैसे पहचान संबंधी दस्तावेज बनावाने के लिए काम कर रहे हैं।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार इन सब लोगों के वोट, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, राशन कार्ड बनाने व पेंशन लगवाने का काम कर रही है। मुझे सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री मनीष सिसोदियो ने विधायकों की एक बैठक करके उनको यह निर्देश दिया है कि जहां भी रोहिंग्या व बांग्लादेशी हैं, उन सबको तुरंत बिजली का कनेक्शन, पानी, राशन और बी जरूरी मदद तुरंत मुहैया करवाएं।
आम आदमी पार्टी ने इन रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी मुसलमानों को बचाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है, जिसमें दिल्ली सरकार और उनके विधायक अलग-अलग तरह से रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी मुसलमानों को संरक्षण देने के काम में लगे हैं।