आजमगढ़ पहुंचे ओपी राजभर बोले-भाजपा को केवल सपा का वंशवाद दिखता है

आजमगढ़  (मानवीय सोच)  लोकसभा के उपचुनाव के लिए सपा और भाजपा ने ताकत झोंक दी है। अखिलेश यादव की सीट पर धर्मेंद्र यादव को टिकट देने को परिवारवाद से जोड़ते हुए बीजेपी ने मुद्दा बनाया हुआ है। बीजेपी के आरोपों का गुरुवार को सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने जवाब दिया। आजमगढ़ में रणनीति तैयार करने पहुंचे राजभर ने कहा कि भाजपा वालों को केवल सपा का वंशवाद दिखता है। उन्हें गाजियाबाद से राजनाथ सिंह का बेटा ही चुनाव लड़ता है तो नहीं दिखता है। अमित शाह का बेटा बीसीसीआई का अध्यक्ष बन जाता है तो दिखाई नहीं देता। वहां न वंशवाद है और न ही जातिवाद है।

राजभर ने कहा कि भाजपा के पास दो चश्मे हैं। एक तरफ अखिलेश यादव दिखाई देते हैं। दूसरी तरह कुछ दिखाई ही नहीं देता। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में बिखराव नहीं है। राजभर समाज सपा के साथ है। यही कारण है कि जिले की सभी सीटों पर सपा चुनाव जीती।

राजभर ने कहा कि भाजपा के लोग प्रोपेगंडा फैला रहे हैं। असली मुद्दों से जनता का ध्यान हटा रहे हैं। भाजपा के लोग हिंदू-मुसलमान और भारत पाकिस्तान की राजनीति करते हैं। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव के प्रत्याशी को जिताने के लिए राजभर ने सुभाषपा के पदाधिकारियों के साथ रणनीति बनाई। चुनाव की तैयारियों के संबंध में उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता 24 घंटा तैयार रहते हैं। हम लोग न्याय पंचायत स्तर तक जाएंगे।

कानपुर हिंसा मामले पर राजभर ने कहा कि जिसने आग लगाई उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। गिरफ्तारी नहीं हो रही है। ऐसा इसलिए कि वह भाजपा के लोग हैं। जो भाजपा के लोग नहीं हैं, उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। राजभर ने कहा कि हिंदू मुसलमान के नाम पर प्रदेश में आग लगाई जा रही है। उन्हें आग लगाकर वोट चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *