आम आदमी पार्टी ने शुरू किया ‘वॉशिंग मशीन का काला जादू’ अभियान

लोकसभा चुनावों के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने आम लोगों को देश के हालात के बारे में जानकारी देने के लिए मंगलवार को ‘वॉशिंग मशीन का कालू जादू’ अभियान शुरू किया है। ‘आप’ ने अपने इस अभियान के जरिये कथित भ्रष्टाचार के मामलों में भाजपा को घेरने की कोशिश की है।इस अभियान के शुभारंभ पर ‘आप’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि भाजपा दावा कर रही है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सच नहीं है, हम लोगों को इन दावों की सच्चाई के बारे में बताएंगे। बता दें कि, विपक्षी दल भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे नेताओं- अजीत पवार, अशोक चव्हाण और हिमंत बिस्वा सरमा जैसे लोगों को भाजपा में शामिल करने पर भाजपा पर निशाना साधने के लिए अक्सर वॉशिंग मशीन  शब्द का इस्तेमाल करते हैं। वॉशिंग मशीन कैसे काम करती है, इसका प्रदर्शन करते हुए दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने छह महीने तक अभियान चलाया था और आरोप लगाया था कि हिमंत बिस्वा सरमा शारदा घोटाले में शामिल थे, लेकिन फिर उन्हें भाजपा में शामिल कर लिया गया और उनके सारे पाप धुल गए।  दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों के लिए आगामी 25 मई को वोट डाले जाएंगे। दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इस बार इंडिया गठबंधन के बैनर तले मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। ‘आप’ और कांग्रेस के बीच 4:3 के हिसाब से सीटों का बंटवारा हुआ है। ‘आप’ ने पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।