# आरएसएस प्रमुख पहुंचे लखनऊ : राष्ट्रवाद और संघ के विस्तार अहम मुद्दे

लखनऊ : (मानवीय सोच) राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघचालक मोहनराव भागवत तीन दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। भागवत 24 सितंबर तक संघ के अवध प्रांत की कार्यकारिणी, अवध प्रांत के सात विभागों और संघ दृष्टि से 26 जिलों की कार्यकारिणी की बैठक लेंगे। भागवत अवध में संघ के विस्तार, राष्ट्रवाद के मुद्दों को धार और हिन्दुत्व के मुद्दों पर मंथन करेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अवध प्रांत में 13 प्रशासनिक जिले, 26 संघ जिले, 174 खंड, 1819 मंडल हैं। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में 1765 और शहरी क्षेत्रों में 442 से अधिक शाखाएं संचालित हैं। शाखा के अतिरिक्त साप्ताहिक मिलन और मासिक मंडली के रूप में संघ का कार्य लगभग सभी न्याय पंचायतों तक पहुंच गया है। तीन दिवसीय दौरे में अवध प्रांत में संघ के कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी योजना कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।