रायबरेली : (मानवीय सोच) सलोन नगर के न्यू प्रीत इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में रविवार की रात भीषण आग ने जमकर तबाही मचाई। आग ने 10 मिनट के भीतर भयानक रूप ले लिया। वहीं, घटना की जानकारी पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। घर के सदस्यों ने पीछे के रास्ते से भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर दमकल कर्मियों ने काबू पाया।
रविवार की रात परिवार के सभी सदस्य पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। अचानक तेज विस्फोट के साथ आग ने दुकान समेत मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी के घर के बगल स्थित मनजीत सरदार और विजय सिंह के मकान में आग की लपटें फैल गईं। इसके बाद सभी लोग घर के बाहर निकल कर भागे जबकि आतम देव सिंह के घर के दूसरे हिस्से में मौजूद दलजीत सिंह के परिवार के सदस्यों ने पीछे के रास्ते से भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई ।
