उत्तर प्रदेश और बिहार में बाढ़ की चेतावनी

राष्ट्रीय राजधानी में मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. शनिवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री, न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा.बिहार में बाढ़ की चेतावनी-   बिहार सरकार ने शनिवार को वाल्मीकिनगर और बीरपुर बैराजों से पानी छोड़े जाने और लगातार जारी बारिश के मद्देनजर राज्य के उत्तरी और मध्य भागों में कोसी, गंडक और गंगा जैसी उफनती नदियों के किनारे बाढ़ की चेतावनी जारी की है. पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद राज्य भर में गंडक, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, कमला बलान और महानंदा तथा गंगा नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है. मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है और राज्य के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ के खतरे की चेतावनी दी है.राज्य जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) ने एक बयान में कहा, नेपाल में भारी बारिश के कारण, गंडक, कोसी, महानंदा आदि नदियों में पानी का बहाव शनिवार को काफी बढ़ गया है. इससे 13 जिलों के 16.28 लाख से अधिक लोगों की स्थिति और खराब हो सकती है, जो पहले से ही भारी बारिश के बाद बाढ़ से प्रभावित हैं. कोसी नदी पर बने बीरपुर बैराज से शाम सात बजे तक कुल 5.79 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जो 56 साल में सबसे अधिक है. तटबंधों की सुरक्षा के लिए सभी सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जा रहे हैं.