मुंबई : (मानवीय सोच) चीन में संपन्न हुए एशियाई खेलों में 4×400 मीटर रिले स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और समाज का नाम रोशन करने वाली उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की ऐश्वर्या मिश्रा का रविवार को भव्य सत्कार किया गया। मुंबई में उत्तर भारतीयों की शीर्ष संस्था उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने बांद्रा पूर्व स्थित संघ भवन में आयोजित एक समारोह में दो लाख रुपये का चेक, शॉल और श्रीफल देकर उन्हें सम्मानित किया।
संघ के अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि ऐश्वर्या ने न केवल मुंबई और महाराष्ट्र बल्कि उत्तर प्रदेश और उत्तर भारतीय समाज का भी नाम रोशन किया है। ऐश्वर्या मिश्रा सम्मान समारोह में उत्तर भारतीय समाज की तरफ से ऐश्वर्या मिश्रा से ओलंपिक गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर लाने का आशीर्वाद दिया गया। संघ ने ऐश्वर्या के पिता कैलाश नाथ मिश्रा और माता आशा मिश्रा का भी सम्मान किया। इस दौरान ऐश्वर्या मिश्रा ने कहा कि समाज की तरफ से सम्मानित होने गर्व महसूस हो रहा है। एक खिलाड़ी होने के नाते मुझे ज्यादा बोलना तो नहीं आता, लेकिन मुझे जो सफलता मिली, उसमें मेरे माता-पिता की अहम भूमिका रही है।
