तमिलनाडु : (मानवीय सोच) सीएम एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू-मलेरिया से करते हुए कहा था कि इसे खत्म कर देना चाहिए. उनके इस बयान के बाद देश में सियासी माहौल गरमाया हुआ है. भारतीय जनता पार्टी, हिंदूवादी संगठनों और संत-महात्माओं ने उदयनिधि के इस बयान को सनातन धर्म का अपमान बताया है. दूसरी तरफ, यूपी से लेकर महाराष्ट्र तक में उदयनिधि के खिलाफ FIR दर्ज हो रहे हैं.
तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने हाल ही में सनातन उन्मूलन सम्मेलन के दौरान कहा था कि सनातन धर्म सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ है. कुछ चीजों का विरोध नहीं किया जा सकता, उन्हें खत्म ही कर देना चाहिए. उदयनिधि ने कहा था कि हम डेंगू, मच्छर, मलेरिया या कोरोना का विरोध नहीं कर सकते, हमें इसे खत्म करना है. इसी तरह हमें सनातन को भी मिटाना है. उनका ये बयान अब ‘इंडिया’ गठबंधन की मुश्किलों को बढ़ाता नजर आ रहा है.
