लखनऊ : (मानवीय सोच) उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर अपने नाम के आगे सर्वेंट लिखा। सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा पाठक को सर्वेंट डिप्टी चीफ मिनिस्टर कहे जाने के बाद उन्होंने कदम उठाया है। ब्रजेश पाठक का कहना है कि जनता का नौकर होना गर्व की बात है।
गौरतलब है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को मीडिया को दिए बयान में ब्रजेश पाठक को सर्वेंट डिप्टी सीएम करार दिया था। इस पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जनता का नौकर बताने के लिए अखिलेश का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश को आम जनता से कोई लेना-देना नहीं है, सिर्फ कोरी बयानबाजी करना जानते हैं। कहा कि, अखिलेश तो राज परिवार से हैं, उनके पिता कई बार मुख्यमंत्री रहे, वे स्वयं भी सीएम रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों डिप्टी सीएम को सीएम योगी काम नहीं करने दे रहे हैं। यही उनका दर्द है जिसे हमने सामने रख दिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक वाकई में जनता के सेवक हैं तो उन्हें जनता की सच्चे अर्थों में सेवा करनी चाहिए।
